• निफ्टी भी 250 अंक लुढ़का, IT और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

नई दिल्ली । हफ्ते के पहले दिन आज यानी सोमवार (24 फरवरी) को सेंसेक्स 800 अंक की गिरावट के साथ 74,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 250 अंक की गिरावट है, ये 22,550 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। NSE सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी सबसे ज्यादा 2.50% नीचे हैं। मेटल, ऑयल एंड गैस और बैंक इंडेक्स में करीब 1.5% की गिरावट है। हालांकि निफ्टी का फार्मा इंडेक्स 0.20% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।

बाजार में गिरावट के तीन कारण

1. अमेरिकी विकास की धीमी गति: धीमी बिजेनेस एक्टिविटी और कमजोर कंज्यूमर सेंटिमेंट के संकेतों के बाद शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। सर्वे के निष्कर्षों से पता चला कि अमेरिका में बिजनेस एक्टिविटी 17 महीने के निचले स्तर पर आ गई है, जो आर्थिक अनिश्चितताओं पर बढ़ती चिंताओं को दर्शाता है।

2. ट्रम्प टैरिफ से अनिश्चितता: भारत सहित अन्य देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ (जैसा का तैसा) लगाने की ट्रम्प की धमकी से बाजार में अनिश्चितता है। ट्रम्प ने कहा, 'हम रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएंगे। कोई भी देश भारत हो या चीन, वे हम पर जितना चार्ज करते हैं, हम भी उतना ही करेंगे। हम व्यापार में बराबरी चाहते हैं।

3. FII की लगातार बिकवाली: एफआईआई ने शुक्रवार को 3,449.15 करोड़ रुपए के शेयर बेच। इस महीने अब तक, विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों से 23,710 करोड़ रुपये से अधिक की बिकवाली की है। इससे 2025 में कुल कुल आउटफ्लो (पैसे निकालना) 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।

ग्लोबल मार्केट में गिरावट

  • एशियाई बाजारों में कोरिया के कोस्पी में 0.62% की गिरावट है। हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 0.54% की गिरावट और चीन के शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स में 0.11% की गिरावट है।
  • 21 फरवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 3,449.15 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 2,884.61 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
  • 21 फरवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 1.69% की गिरावट के साथ 43,428 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 1.71% नीचे बंद हुआ। नैस्डैक 2.20% गिरकर 19,524 पर बंद हुआ।