मध्यप्रदेश में मतदान के पहले भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज अपनी-अपनी ताकत झोंक रहे हैं। आज पीएम मोदी सतना, छतरपुर जिले के दौरे पर हैं। प्रियंका चित्रकूट में हैं। वहीं, राहुल गांधी चंदेरी और अशोकनगर का दौरा कर रहे हैं। राहुल गांधी जबलपुर में रोड शो भी करेंगे।
जहां-जहां कांग्रेस आई तबाही लाई: मोदी
पीएम मोदी आज छतरपुर के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए पूरा देश दिल्ली से शुरू होता था और दिल्ली में ही खत्म हो जाता था। कांग्रेस के नेता विदेशी दोस्तों को भारत की गरीबी दिखाने के लिए ले जाते थे। सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेस के नेताओं के लिए गरीब एक मजाक बन गया था। कांग्रेस के नेता जिन झुग्गियों में फोटो खिंचाकर वापस आ जाते थे, उन गरीबों को आज मोदी पक्के घर दे रहा है। आज बच्चों को पोषण की चिंता ये गरीब का बेटा मोदी कर रहा है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देश को पीछे ले जाएगी। कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण कानून को लटकाकर रखा। जब हम तीन तलाक पर बिल लेकर आये कांग्रेस ने इसका भी विरोध किया। कांग्रेस ने भगवान राम को काल्पनिक बता दिया था। आदिवासी महिला देश की राष्ट्रपति बने इसका विरोध भी कांग्रेस ने किया था। रिवर्स गियर वालों से एमपी के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। आजादी के बाद बूंद-बूंद पानी के लिए किसने तरसाया? क्या उस कांग्रेस को सत्ता के लिए तरसाएंगे आप। 100 साल तक सत्ता के लिए तरसाइए, तब इनको पता चलेगा पानी के लिए तरसना क्या होता। दशकों तक जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी केन बेतवा नदियां बहती थीं, फिर इन नदियों को मोदी की इंतजार क्यों करना पड़ा। उनका नेचर है लटकाना, भटकाना, फंसाना। कांग्रेस को हमेशा सिर्फ वोट की फसल की चिंता रही है। किसान के खेत प्यासे हैं इसकी चिंता न कांग्रेस को कल थी, न आज है। जहां-जहां कांग्रेस आई तबाही लाई। कांग्रेस के पास सिर्फ एक पंजा है और पंजा सिर्फ गरीबों से छीनने के काम आता है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को भी बचाना है और मध्यप्रदेश के भी बचाना है।
राहुल गांधी ने जाति जनगणना के मुद्दे पर मोदी को घेरा
राहुल गांधी आज अशोकनगर जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने नई सराई में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने अडानी के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा। राहुल गांधी ने कहा कि ये एक दूसरे को धर्म के नाम पर लड़ा रहे हैं। राहुल ने कहा कि दो सरकारें चलती हैं एक गरीबों की मदद करती है एक बिजनेसमैन की मदद करती है। आपका पैसा मोदी जी अडानी को देते हैं और अडानी दुबई में जाकर बड़ा सा घर खरीद लेते हैं। जाति जनगणना इन सभी से निपटने का तरीका है, जिसे मैं एक्स-रे कहता हूं। जिस दिन जाति जनगणना होगी उस दिन मध्यप्रदेश के लोगों को पता चल जाएगा कि लोग बेरोजगार क्यों हैं। मैं मोदी जी से कहता हूं जाति जनगणना के लिए तो मोदी जी कहते हैं कि जात तो है ही नहीं। अपने आप को ओबीसी कहते हैं, लेकिन जब जाति जनगणना की बात होती है तो कहते हैं जाति तो एक ही है, गरीब हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो 27 लाख किसानों का कर्जा माफ करेंगे। 100 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। दो लाख रुपये तक का किसानों का कर्जा कांग्रेस सरकार माफ करेगी। यहां पर 2600 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का दाम करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये करेंगे। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सीधी के पेशाब कांड पर भी भाजपा को जमकर घेरा। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के करोड़ों के लेनदेन की बात भी की। राहुल गांधी ने कहा कि अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाते हैं जनता से कहते हैं हिन्दी सीखो। आपको बच्चों को विदेशी कंपनी में नौकरी के लिए अंग्रेजी की जरूरत है। राहुल गांधी ने कहा कि ओबीसी, दलित और आदिवासियों को जो मिलना चाहिए वो मिलेगा। मैंने जाति जनगणना कराने का मन बना लिया है।
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी चित्रकूट के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पुराना संसद भवन चल रहा था, इसके सौंदर्यीकरण पर पीएम मोदी ने 20 हजार करोड़ खर्च किए, लेकिन किसानों को बकाया पैसे नहीं दिए। मोदी जी कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया तो मोदी जी अपने बिजनेसमैन मित्रों का क्या दे रहे हैं। मोदी जी को कोई जानकारी देगा कि 12 सौ 14 सौ में सिलेंडर खरीद रहे हैं। जब शिवराज से लोग कहते हैं कि समस्या है तो शिवराज कहते हैं कि मैं आपका मामा हूं घबराओ मत। किसान को यूरिया नहीं मिल रहा है वो कहते हैं मामा हूं। परीक्षा में घोटाले हो रहे हैं। रोजगार की लिस्ट नहीं आती। भर्ती घोटाले से युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही है। हर दिन प्रदेश में 17 महिलाओं का शोषण हो रहा है। लाडली है लेकिन सुरक्षा नहीं है। सुरक्षा तो दे देते मामा जी। अत्याचार पर अत्याचार हो रहा है आप कहते हैं मामा हैं। रिश्ता निभाने से बनता है वरना कंस भी मामा थे। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि आप अपनी श्रद्धा को कम कर लो उन नेताओं के लिए जो धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं।
महंगाई पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने कहा कि उद्योगपतियों के कर्ज माफ हो रहे हैं, किसानों की रोज की कमाई सिर्फ 27 रुपये है। प्याज 100 रुपये किलो हो गई है। अडानी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देश के एयरपोर्ट से लेकर पोर्ट तक सब कुछ अडानी को दे दिया है। कहते हैं कि जंग चल रही है तो सब कुछ महंगा हो रहा है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आपके अधिकारों की बात की है। हमने कभी नहीं कहा कि हमने ये आपको दान दिया है। हमने आपको आपका अधिकार दिया है। इंदिरा जी ने पट्टे दिए हैं। लोकतंत्र में शर्म होनी चाहिए अगर कोई भी बच्चा शिक्षित न हो। हर किसी के लिए भोजन का अधिकार बनाया। ये सब अधिकार कांग्रेस ने इसलिए बनाए ताकि सबको सब कुछ मिले। जब गांधी जी को गोली लगी उन्होंने हे राम कहा, क्योंकि उनका जीवन उन्ही उसूलों पर टिका था। उन्हीं की परंपराओं से कांग्रेस पार्टी बनी है। आजादी के लिए लड़े हैं खून बहाया है। मेरे पिता ने, मेरी दादी ने बहाया है। देश प्यारा तभी होता है, जब जनता प्यारी होती है। प्रियंका ने कहा कि हमें भारी बहुमत से जिताओ ताकि हमारी सरकार को कोई चोरी न कर पाए। आपको फकीरों और मामा जी से छुटकारा मिले।
Bhopal 10/11/2023