मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का मंगलवार को शहर में आगमन होगा। वे दोपहर 2:25 बजे नागचून स्थित हैलीपेड पर उतरेंगे। यहां से कार द्वारा नाहल्दा फाटे के पास स्थित सभास्थल पर पहुंचेंगे। इस बीच शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह उनका स्वागत सम्मान होगा। आयोजन स्थल पर मंच से दर्शक दीर्घा तक करीब डेढ़ सौ फीट का रैंप तैयार किया गया है। इस रैंप पर टहलते हुए मुख्यमंत्री लाड़ली बहनों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री मंच से जिले में 140 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। शाम 5:45 बजे मुख्यमंत्री का विमान केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित हैलीपेड से भोपाल के लिए उड़ान भरेगा।
100 फीट लंबा रैंप बनाया है
लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिला सम्मेलन को संबोधित करने के लिए आ रहे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सभा को लेकर एक दिन पहले सोमवार को तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। आयोजनस्थल पर 2300 वर्गफीट में मंच बनाया गया है। इसी मंच से करीब डेढ़ सौ फीट लंबा रैंप बनाया गया है। यह रैंप आयोजन स्थल में बैठी महिलाओं के बीच से होकर गुजरेगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए मंच से इसी रैंप से उनके बीच पहुंचेंगे। सभा में करीब एक लाख महिलाओं के पहुंचने की संभावना है। इस लिहाज से बैठक व्यवस्था के लिए 450 बाय 550 वर्गफीट में डोम और पंडाल सजाया गया है।
खंडवा 04/04/2023