इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ मंगलवार को इंदौर पहुंचे और वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अभय प्रशाल में कमल नाथ ने पत्रकारों से चर्चा में कहा भगवा पर क्या सिर्फ भाजपा का पेटेंट है? हमारे यहां पुजारी प्रकोष्ठ बहुत पहले से है। मैंने हनुमान जी का मंदिर बनवाया है। हम धर्म की राजनीति नहीं करते हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को भोपाल में कांग्रेस के कार्यालय में धर्म संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें पंडितों व पुजारियों को आमंत्रित किया गया था। वह कार्यालय को भगवा झंडों से सजाया गया था। इस दौरान कमल नाथ व अन्य नेता भगवा पहने नजर आए थे।
कमल नाथ ने कहा कि मेरा ध्यान केंद्र पर नहीं है। मेरा पूरा ध्यान मध्यप्रदेश पर है। मुझे पद का कोई मोह नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेंगे।
इंदौर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर उन्होंने कहा कि शहर अध्यक्ष का फैसला जल्द ही किया जाएगा। हमारे संगठन की मजबूती मंडलम सेक्टर है।
इंदौर 04/04/2023