हर रोज 570 मीटर लंबी सड़क बनेगी; एक मशीन से शुरुआत
राजधानी भोपाल के पहले सिक्स लेन प्रोजेक्ट में सीमेंट क्रांकीट से एक लेन की सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया। गोल जोड़ से बैरागढ़ चिचली के बीच बेस तैयार होने के बाद सीसी शुरू किया गया। एक मशीन से हर रोज 3.5 मीटर चौड़ी और करीब 570 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जल्द ही दो मशीनें और लगाई जाएगी। इससे कोलार सिक्स लेन प्रोजेक्ट का काम तेजी से होगा।
प्रोजेक्ट 222 करोड़ रुपए का है। जिसका भूमिपूजन पिछले साल 29 अक्टूबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर चुके हैं। कुल 15.10 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन में मुख्य सर्व-धर्म ब्रिज के साथ 27 अन्य छोटी-बड़ी पुल-पुलियाएं भी बनेंगी। चूना भट्टी के पास भी दो पुलियाएं बनाई जा रही है। इस कारण चूना भट्टी से सर्व-धर्म ब्रिज के बीच एक ही लेन से राहगीर आ-जा रहे हैं।
अलग-अलग चरण में हो रहा काम
कोलार तिराहे से गोल जोड़ तक 15 किलोमीटर लंबी सड़क का काम अलग-अलग चरण में हो रहा है। गोल जोड़ से बैरागढ़ चिचली तक बेस तैयार करने के बाद सीसी निर्माण की शुरुआत भी की गई। विधायक शर्मा ने इसकी शुरुआत की।
इसलिए बनाया जा रहा सिक्सलेन
कोलार रोड के गोल जोड़ से बैरागढ़ चिचली के बीच सर्व-धर्म, मंदाकिनी, बीमाकुंज, कान्हाकुंज, सीआई, चूना भट्टी एरिया, नयापुरा, ललितानगर, गेहूंखेड़ा, नहर की पुलिया समेत करीब 100 कॉलोनियां बसी है। यहां के लोग इसी रोड से आना-जाना करते हैं। बढ़ती आबादी के साथ अब सड़क काफी छोटी पड़ने लगी है। अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं, बारिश में सड़क पूरी तरह से जर्जर हो जाती है। इस बार भी ऐसी ही तस्वीर नजर आ रही है। इसलिए रोड की चौड़ाई की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लिहाजा, सीएम ने सिक्स लेन प्रोजेक्ट की मंजूरी दी और काम की शुरुआत की गई। पिछले पांच महीने से तेजी से काम चल रहा है।
सिक्सलेन में यह
- सिक्स लेन कोलार रेस्ट हाउस से गोल जोड़ तक कुल 15.10 किलोमीटर लंबा होगा।
- चूना भट्टी, मंदाकिनी, नयापुरा, ललितानगर, डी-मार्ट के पास आदि चौराहों का भी चौड़ीकरण होगा।
- सभी लेफ्ट टर्न चौड़े किए जाएंगे।
- कनेक्टिंग मार्गों को 50 से 200 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा।
- मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते सेंट्रल वर्ज में 3 मीटर चौड़ी जगह छोड़ी जाएगी।
- बीचों बीच डिवाइडर रहेंगे
- लाइटिंग होने से सड़क पर रोशनी रहेगी
- फुटपाथ भी बनेगा, ताकि कॉलोनियों के लोगों को राहत मिल सके
पीक आवर्स में रहता है ट्रैफिक का दबाव
वर्तमान में रोड पर ट्रैफिक का खासा दबाव रहता है। खासकर सुबह 10 से 12 बजे और शाम 5 से 8 बजे के बीच। इस कारण जाम के हालात भी बनते हैं। इसलिए करीब आठ महीने पहले पीडब्ल्यूडी ने रोड को सिक्स लेन में बदलने का प्रोजेक्ट तैयार किया था। ज्यादातर हिस्सों में अतिक्रमण हटाया जा चुका है। वहीं, बिजली के पोल भी शिफ्ट किए गए हैं।
पांच लाख आबादी को मिलेगा फायदा
सिक्सलेन से कोलार के रहवासियों के अलावा ओबैदुल्लागंज, मंडीदीप, सलकनपुर, हरदा, टिमरनी व अन्य जगहों से आने-जाने वाले 5 लाख लोगों को हर रोज फायदा मिलेगा। उन्हें जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। निर्माण के दौरान रूट डायवर्ट भी किया जाएगा। ऐसे में शाहपुरा होते ही कलियासोत ब्रिज बेहतर विकल्प रहेगा। इस ब्रिज का पिछले साल लोकार्पण हुआ है।
Bhopal 14/03/2023