कार्यकर्ताओं से कमलनाथ बोले- छाती ठोंककर कहिए 15 महीने में हमने नीति-नीयत का परिचय दिया
भोपाल में आज कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन है। जवाहर चौक पर कांग्रेस विधायक, नेता और कार्यकर्ता जुटे हैं। यहां सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा, सबसे बड़ी परीक्षा अगले 6 महीने में आपकी निष्ठा की है।
उन्होंने कहा, विश्वास है कि अगर जिस निष्ठा से आपने कांग्रेस का झंडा 18 साल उठाया है, आप अपनी कमर कस लें तो कोई नहीं रोक सकता। यह कांग्रेस की नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की बात है। मध्यप्रदेश में हर वर्ग परेशान है। भटकता नौजवान, दुखी किसान, व्यापारी ...सब परेशान घूम रहे हैं। आपको अपना सिर नहीं झुकाना, छाती ठोंक कर कहिए कि 15 महीने की सरकार में हमने क्या-क्या किया। 15 महीनों में हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया।
कमलनाथ की स्पीच के बाद कांग्रेसी राजभवन का घेराव करने रैली के रूप में निकले। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रंगमहल चौराहे के नजदीक बैरिकेड पर रोक दिया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। निवाड़ी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह यादव ने एक टीवी पत्रकार को थप्पड़ मार दिया।
जवाहर चौक पर सभा में किसने क्या - कहा?
- नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, आज पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है। बेईमान सरकार को उखाड़ने के लिए यह प्रदर्शन है।
- जीतू पटवारी बोले, मैंने किसानों को 3000 रु. क्विंटल गेहूं का दाम देने की मांग की, तो मुझे विधानसभा से निलंबित कर दिया। सरकारी पैसे से भाजपा दफ्तर में खाना खिलाने की बात उठाई। मैंने गलत किया क्या। अब की बार बीजेपी 50 के पार नहीं पहुंचेगी।
- जेपी अग्रवाल बोले- कांग्रेस के कार्यकर्ता बीजेपी से डरते नहीं। अंग्रेजो को मार मार कर इन्हीं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भगा दिया था
- पूर्व मंत्री और भोपाल (दक्षिण-पश्चिम) से विधायक पीसी शर्मा ने कहा, संसद में हमारे सांसदों को नहीं बोलने देते। मध्यप्रदेश विधानसभा में विधायकों को नहीं बोलने देते। अब हम राज्यपाल के चैनल से राष्ट्रपति तक जाना चाहते है। इस बार गद्दारों पर चोट करेंगे।
- पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल बोले- झांसी की रानी के साथ गद्दारी करने वाले ने जनता की चुनी सरकार गिरा दी। उनमें हिम्मत हो तो इस बार का विधानसभा चुनाव लड़ लें।
-
कांग्रेस का प्रदर्शन अपडेट्स...
- दोपहर 1.55 पर कार्यकर्ताओं ने जवाहर चौक से राजभवन के लिए पैदल मार्च शुरू किया। नेता ट्रक में सवार होकर आगे बढ़े।
- पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ दोपहर 1.30 बजे राजभवन घेराव कार्यक्रम में शामिल होने जवाहर चौक पहुंचे।
- एडिशनल डीसीपी श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने जवानों को निर्देश दिए- मारपीट नहीं करना है। बैरिकेड क्रॉस करने वालों को धक्का मारकर गिरा दें।
- कमलनाथ के मीडिया एडवाइजर ने ट्वीट कर लिखा- कार्यकर्ताओं को राजभवन घेराव के कार्यक्रम में आने से जगह-जगह पुलिस और प्रशासन रोक रहा है।
- दतिया कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामदिनकर गुर्जर ने कहा, दतिया से 500 कार्यकर्ता आए हैं। नरोत्तम मिश्रा के दबाव से दतिया जिले की जनता पीड़ित है।
- पीसीसी डेलिगेट नितेंद्र राठौर ने कहा, भाजपा की खराब आर्थिक नीति के कारण महंगाई बढ़ रही है। सरकार नाकाम है।
- जवाहर चौक पर निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा भी पहुंचे। विधायक सुनील सराफ, बैजनाथ कुशवाहा, नीरज दीक्षित मंच से नीचे बैठे।
- प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा शामिल नहीं होंगे। वे दिल्ली में हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक बुलाई है।
-
पुलिस ने राजभवन से पहले बैरिकेडिंग की
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए 500 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस का प्लान है कि कांग्रेस नेताओं को रंगमहल चौराहे पर ही रोक लिया जाए। यहां ही राज्यपाल के नाम ज्ञापन एडीएम भोपाल को दिलाया जाएगा। रंगमहल चौराहे पर 100 मीटर के अंदर दो बैरिकेड लगाए गए हैं। पहला बैरिकेड टूटने पर पुलिस दूसरे पर सख्ती दिखाएगी। पुलिस ने राजभवन के पहले ही रंगमहल चौराहा और फिर इसके आगे रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेड की है। रंगमहल के आगे एलआईसी के सामने अंतिम बैरिकडिंग की गई है।
इन मुद्दों पर प्रदर्शन
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा, केंद्र की भाजपा सरकार ने उद्योगपति गौतम अडानी के पक्ष में क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति अपनाई है। इसके बाद से गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत खतरे में पड़ गई है। देश में बढ़ती महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, रेप, मर्डर, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान है। भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग और उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा है। लिहाजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उक्त घेराव-विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।
Bhopal 13/03/2023