सतना में शराब कंपनी के मुनीम की गोली मार कर हत्या के बाद बदमाश 22 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब मुनीम सेंट्रल बैंक के सामने कार से उतर रहा था। पूरी घटनाक्रम बैंक के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ है। आरोपियों की तलाश में शहर की नाकेबंदी की गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर डेढ़ बजे 5 हथियारबंद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है।
भाटिया ग्रुप की शराब कंपनी रोजवुड सप्लायर्स का मुनीम संजय सिंह रोज की तरह करीब डेढ़ बजे कैश लेकर बैंक के लिए निकला था। उसके पास करीब 22 लाख रुपए थे। बाइक सवार 5 नकाबपोश बदमाशों ने सर्किट हाउस के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ठीक सामने घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने संजय सिंह को उस वक्त गोली मारी जब वह नोटों से भरा बैग लेकर कार से उतर रहा था। गोली मारने के बाद बदमाशों ने बैग छीना और फरार हो गए। संजय सिंह का शव मारुति इको CG 10AS 8169 के दरवाजे के पास कार से टिका पड़ा था। मुनीम आजमगढ़ उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
सतना 06/03/2023