मध्यप्रदेश की सत्ता में वापस लौटने के लिए कांग्रेस ने जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। 2018 के चुनाव की तरह दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं के असंतोष दूर कर समन्वय बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। विंध्य में पिछले हफ्ते पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह बैठकें कर चुके हैं। अब शुक्रवार को दिग्विजय सिंह दतिया, शिवपुरी, गुना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकें लेंगे।
भड़ास मीटिंग में दिग्गी सुनेंगे कार्यकर्ताओं के मन की बात
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में चुनावी लिहाज से समन्वय बनाने के लिए दिग्विजय सिंह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसमें कार्यकर्ताओं को बोलने की पूरी छूट रहेगी। जिसके मन में जो बात है, वो भड़ास निकालते हुए बात रखेगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं की बात को सुनकर दिग्गी समाधान और समन्वय के रास्ते निकालेंगे।
नरोत्तम के गढ़ में कांग्रेसियों की बैठक
आज रात करीब दो बजे झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरकर दिग्विजय सिंह रात करीब ढाई बजे दतिया सर्किट हाउस पहुंचेंगे। सुबह 10:30 बजे पीतांबरा माई के दर्शन के बाद गहोई वाटिका, पीताम्बरा पीठ के पास, 11:30 बजे दतिया विधानसभा के कांग्रेस के मण्डलम् व सेक्टर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।
शिवपुरी में मंडलम्-सेक्टर की मीटिंग लेंगे
दतिया में बैठक के बाद 5 बजे दिग्गी शिवपुरी पहुंचेंगे। शिवपुरी के स्टेशन रोड स्थित कमला हैरीटेज, होटल में शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के ब्लॉक, मण्डलम् व सेक्टर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। शाम 7 बजे - शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के नगर पालिका, परिषद, जनपद व जिला पंचायत के सदस्य, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, आईटी सेल, एनएसयूआई समेत सभी प्रकोष्ठों के सदस्य व सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पूर्व और वर्तमान, पदाधिकारियों सहित कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। रात नौ बजे शिवपुरी से रवाना होकर रात में ही गुना पहुंचेंगे।
अब जानिए जहां दिग्गी के दौरे, वहां कांग्रेस की क्या हालत है...
दतिया- दतिया जिले में तीन विधानसभाएं हैं। दतिया में दो बार से कांग्रेस चुनाव हार रही है। यहां से नरोत्तम मिश्रा विधायक हैं। हालांकि 2018 के विधानसभा चुनाव में दतिया सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र भारती मात्र 2,656 वोटों से चुनाव हारे थे। कांग्रेस को उम्मीद है कि इस सीट पर यदि जोर लगाया जाए तो इसे जीता जा सकता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकिंकर सिंह गुर्जर कहते हैं कि दतिया में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर फर्जी केसों में फंसाया जा रहा है। जिनके घर में सरकारी कर्मचारी हैं उनके दूर ट्रांसफर किए जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ताओं को बीजेपी का काम करने के लिए प्रेशर बनाया जा रहा है, लेकिन हमारे कार्यकर्ता दबने वाले नहीं हैं। चुनाव में हम हर हाल में कांग्रेस को जिताएंगे।