मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन की कार्यवाही शुरू होते ही महू में आदिवासी युवती की मौत का मुद्दा गूंजा। प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस ने सदन में इस मुद्दे पर एक बार फिर बहस छेड़ दी। संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जवाब देते हुए कहा- शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवती की मौत करंट से हुई है। पुलिस ने भीड़ से बचने के लिए फायरिंग की। इसमें युवक की जान चली गई। मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए दिए गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, पुलिस को कमर के नीचे गोली चलाने के निर्देश होते हैं, उसके सीने पर गोली मारी गई। पूर्व मंत्री और महेश्वर से विधायक विजयलक्ष्मी साधो बोलीं- एफआईआर में 3 घंटे का गैप है। लाठीचार्ज कर सकते थे, सीधे गोली मार दी। गहमागहमी और हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक सदन के गर्भगृह में पहुंच गए। नारेबाजी करते हुए वॉकआउट कर दिया।
बता दें, इंदौर के महू में आदिवासी युवती की मौत के बाद बवाल हो गया। लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी। इस पूरे बवाल में बडगोंदा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर समेत 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आईजी आर. गुप्ता कहा- पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मामला महू के बडगोंदा थानाक्षेत्र का है।
महू की घटना पर किसने-क्या कहा...
कमलनाथ बोले- महू की घटना प्रदेश पर बड़ा कलंक
सदन के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, घटना पूरे मध्यप्रदेश के लिए बड़ा कलंक है। 18 साल में भाजपा सरकार ने यह हासिल किया है कि मध्यप्रदेश को आदिवासी अत्याचार के 13 मुकुट मिले हैं। बाकी 5 बार प्रदेश दूसरे नंबर पर रहा है। यह NCRB की रिपोर्ट है।
गृहमंत्री बोले, युवती की करंट से मौत हुई है
सदन में संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- दो बातें सामने आ रही हैं। आरोपी यदुनंदन पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ बिटिया रहती थी। पानी गर्म करने वाली रॉड से करंट लगने से युवती की मौत होने की बात सामने आई है। मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
गृहमंत्री ने चरित्र चित्रण पहले से ही कर दिया: साधौ
महेश्वर से विधायक विजयलक्ष्मी साधौ बोलीं- लड़की की मां सीधे-सीधे आरोप लगा रही है कि उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। गृहमंत्री ने लड़की का चरित्र चित्रण पहले से कर दिया कि वह लिवइन में रहती थी। मामा आदिवासियों के हितैषी बनकर ढोंग रच रहे हैं।
सज्जन ने कहा, लटेरी कांड जैसे ही समय बढ़ा देंगे
पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा, लटेरी कांड में जांच कमेटी बनाई, समय पूरा हो गया, फिर समय बढ़ा दिया। इस मामले में भी कमेटी बना दी, यहां भी समय बढ़ा देंगे। दोनों मृतक के परिवार को 1-1 करोड़ रुपए, सरकारी नौकरी की मांग की, तो गृहमंत्री मौनी बाबा बनकर बैठ गए।
विधानसभा अपडेट्स...
सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित
- प्रश्नकाल में पहला सवाल भितरवार से कांग्रेस विधायक लाखन सिंह यादव ने पूछा।
- पीएम गरीब कल्याण योजना में हर उपभोक्ता को फ्री अनाज का मामला उठाया।
- कहा- मेरे क्षेत्र की 123 दुकानों में से दो-चार दुकानों से ही राशन वितरण हुआ है। किसी भी दुकान ने फ्री अनाज नहीं दिया।
- खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहू लाल बोले- एक बार जांच हो गई है। सदस्य कह रहे हैं तो दोबारा जांच करा लेंगे।
- मंत्री के जवाब पर यादव ने कहा- जांच में मुझे शामिल करेंगे या नहीं? पिछली बार जिन लोगों ने गड़बड़ी की, उन्हीं से जांच कराई गई।
- नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने पूछा- स्थानीय जनप्रतिनिधि को शामिल करने में क्या दिक्कत है?
- संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम ने कहा- जांच समिति विधायक जी को सूचना देकर जांच करेगी।
- समिति में शामिल नहीं करने पर यादव ने मंत्री से कहा- आपको भ्रष्टाचार कराना है, तो कराईए।
- कमलनाथ बीच में उठे और बोले- कौन सी ऐसी बात है, जो आप दबाना चाहते हैं।
- सज्जन सिंह वर्मा बीच में बोले, तो नरोत्तम बोले- राहुल गांधी विदेश में जाकर देश के खिलाफ बातें करते हैं।
- सज्जन बोले- नरेंद्र मोदी ने विदेश में क्या बोला, वो क्यों नहीं सुनते।
- इस बात पर हंगामा हो गया और सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
गृहमंत्री बोले- जीतू पटवारी और कुणाल चौधरी ने गिरवाई कांग्रेस सरकार
- कालापीपल से विधायक कुणाल चौधरी ने पूछा- खाद्य मंत्री बताएं, 10 साल में विभाग में क्या घोटाले हुए, क्या कदम उठाए?
- चौधरी ने खाद्य विभाग से जुड़े और भी सवाल खाद्य मंत्री बिसाहूलाल से पूछे।
- मंत्री जवाब नहीं दे पाए तो नेता प्रतिपक्ष ने कहा- जब ये हमारे साथ मंत्री थे, तो धाराप्रवाह बोलते थे। बीजेपी में बोलती बंद हो गई।
- नरोत्तम मिश्रा बीच बोले-
- इन्होंने (कुणाल चौधरी) और जीतू पटवारी ने कांग्रेस की सरकार गिरवाई।
- पीडब्लूडी मंत्री गोपाल भार्गव बोले- ये सवाल आपको GDA से पूछना चाहिए।
- कुणाल बोले- ये इनके ही विभाग से संबंधित है।
एक पिलर की पुट्टी कराकर पुल का भूमि पूजन कर दिया
- सिहावल से विधायक कमलेश्वर पटेल ने सीधी जिले के बहरी-हनुमना सड़क पर पुल क्षतिग्रस्त होने की ओर ध्यानाकर्षित कराया।
- कहा- बताते हुए शर्म आती है कि एक पिलर की पुट्टी कराकर बीजेपी के मंडल अध्यक्षों ने उसका भूमिपूजन किया। वाहन नहीं निकल पा रहे हैं।
- इसके अलावा जयवर्धन सिंह ने करीला धाम पर 11 नृत्यांगनाओं के एचआईवी टेस्ट का मामला उठाया। कहा- श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं।
- महेश परमार बोले- उज्जैन जेल में 12 करोड़ रुपए का गबन हुआ है। इसकी जांच कराएं।
- देवरी विधायक हर्ष यादव बोले- परीक्षा के समय में बिजली की कटौती की जा रही है। ट्रांसफार्मर उतारे जा रहे हैं।
- इसी बीच तरुण भनोत बोले- दसवीं बारहवीं बोर्ड की परीक्षाएं चल रहीं हैं। फोटोकॉपी की दुकानों पर पेपर बिक रहा है।
सदन में रामचरित मानस की चौपाई- शूद्र, पशु, ढोर... का जिक्र
बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही में चौपाई- शूद्र, पशु, ढोर... का जिक्र हुआ। जैतपुर से बीजेपी विधायक मनीषा सिंह शिवराज सरकार के बजट की खूबियां बता रही थीं। इसी बीच कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने चौपाई पढ़ते हुए मनीषा सिंह को दोहराने के लिए कहा।
मनीषा सिंह बजट पर अपना वक्तव्य देते हुए कहती हैं- मध्यप्रदेश के इस बजट का मैं समर्थन करती हूं। मुख्यमंत्री जी को बहुत धन्यवाद देती हूं कि मध्यप्रदेश में 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः' अर्थात- जहां नारी की पूजा होती है, जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता का वास होता है, यह बात बजट में चरितार्थ होती है।
इतने में मनीषा सिंह को बीच में रोकते हुए साधौ कहतीं हैं- यह कोट भी आप पढ़ दीजिए- शूद्र, पशु, ढोर, गंवार, नारी, यह हैं ताड़ना के अधिकारी...। साधौ की बात सुनकर मनीषा सिंह कुछ सेकेंड के लिए रुकीं, फिर आगे स्पीच पूरी की।
सदन के बाहर जब साधौ से पूछा गया, तो वे बोलीं- उसने (मनीषा सिंह) ये कहा था- यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः'। इस पर मैंने कहा- ढोर, गंवार, शूद्र, पशु नारी... इसे भी कह दो। सरकार की दोहरी नीति चल रही है। एक तरफ भांजे-भांजियां, लाडली बहना, दूसरी तरफ एससी/एसटी की महिलाओं और बेटियों पर अत्याचार हो रहा है। इसमें पहले नंबर पर हमारा मप्र है। ये खाने के दांत अलग और दिखाने के दांत अलग हैं। इसको लेकर मैंने चौपाई के जरिए कहा था कि ये भी हो रहा है।