इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आत्महत्या का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। 34 वर्षीय एक महिला ने फांसी लगाकर केवल इसलिए जान दे दी क्योंकि उसके पति ने उसे ब्यूटी पार्लर जाने से मना किया था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और पत्नी ने यह कदम उठाया। यह दावा महिला के पति ने किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सब इंस्पेक्टर उमाशंकर यादव ने बताया कि शहर के स्कीम नम्बर 51 क्षेत्र में रीना यादव (34) ने अपने घर में बृहस्पतिवार को कथित तौर पर फांसी लगा ली। महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी। जब उसने उसे वहां जाने से मना किया, तो महिला ने आवेश में आकर फांसी लगा ली।
सब इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की मौत की हर पहलू पर जांच की जा रही है। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
मृत महिला के पति बलराम यादव सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी को बृहस्पतिवार दोपहर में ब्यूटी पार्लर जाना था। मैंने उसे मना किया, तो उसने इस बात को लेकर मुझसे जमकर विवाद किया और बाद में खुद को एक कमरे में बंद करके पंखे से फांसी लगा ली। यादव ने कहा कि उन्होंने दरवाजा तोड़कर पत्नी के शव को फंदे से उतारा।
Bhopal 29/04/2023